विवाह में रोड़ा बनी युवती की प्रेमी ने की थी हत्या
बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र में सोमवार को मृत मिली युवती की उसके प्रेमी ने हत्या की थी। गला दबाकर हत्या करने के बाद उसने शव कुएं में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि युवक की शादी तय हो गई थी। प्रेमिका उसमें रोड़ा बन रही थी। इसके चलते उसने यह वारदात की है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को पुलिस ने घटना का खुलासा किया।
कुर्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 21 वर्षीय युवती लखनऊ के एक निजी अस्पताल में नर्स थी। 21 अप्रैल की सुबह लखनऊ जाने के बाद देर शाम पिता को फोन कर बताया कि वह कुर्सी पहुंच गई। पिता उसे लेने कुर्सी पहुंचा तो वह नहीं मिली। बेटी का पता न चलने पर पिता ने 23 अप्रैल को थाने में सूचना दी। आरोप कि पुलिस ने पिता पर आरोप लगाया कि वह पुत्री का उत्पीड़न कर रहा है। पिता तीन मई को फिर थाने गया तो पुलिस ने तहरीर ले ली।
एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने बताया कि जांच में युवती के मोबाइल फोन की लोकेशन गांव में मिल रही थी। 13 मई को पुलिस ने संदेह पर नसीम नामक युवक से पूछताछ की तो उसने युवती से प्रेम-प्रसंग का खुलासा किया। बताया कि उसका विवाह तय होने पर युवती इसमें रोड़ा बन रही थी। इसके चलते 21 अप्रैल को युवती को लेकर नसीम लखनऊ गया। लौटते समय गांव के बाहर गला दबाकर हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंक दिया। इसके बाद 24 अप्रैल को नसीम का निकाह हो गया।
पुलिस को गुमराह कर रहा था आरोपी
युवती की हत्या करने के बाद आरोपी उसके फोन को इस्तेमाल किया। एएसपी आरएस गौतम ने बताया कि हत्या वाले दिन ही युवती के मोबाइल फोन से आरोपी ने पहले 1090 पर लड़की की आवाज बनाकर फोन कर बताया कि पिता उसको परेशान कर रहे हैं। उसकी हत्या करना चाहते है। सात मई को आरोपी ने एक बार फिर युवती के फोन से 100 नंबर पर पुलिस को फोन कर आरोप दोहराए। आरोपी के पास से युवती का मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है।