स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त होने से बची इंटरसिटी एक्सप्रेस
बाराबंकी। शहर के रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम लखनऊ-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गयी। प्लेटफार्म नंबर-तीन की टूटी रेल पटरी पर ट्रेन के आने से ठीक पहले कर्मचारियों की नजर पड़ गई। आनन-फानन इंटरसिटी को आउटर पर रोककर ट्रैक को दुरुस्त किया गया। इस दौरान चार अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। इसके चलते यात्रियों का परेशान हुई।
बाराबंकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन की पांच नंबर लाइन पर किमी संख्या 1067 के पोल 2-4 के मध्य मंगलवार को एक रेल लाइन फ्रैक्चर हो गई। पेट्रोलिंग के दौरान गैंग संख्या 59 के कर्मचारियों ने यह फ्रैक्चर देखा। इसके बाद उसी ट्रैक पर लखनऊ की तरफ से आ रही लखनऊ-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को आनन फानन में आपातकालिक झंडी लगाकर रोका। इस पर इंटरसिटी को आउटर पर रोक दिया गया। कर्मचारियों ने इसकी की सूचना सम्बंधित अधिकारीयों को दी। इसके बावजूद मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। फोन पर ही उन्होंने क्षतिग्रस्त रेल लाइन की मरम्मत करने के आदेश दे दिए।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक रेल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक की मरम्मत की एक अस्थायी क्लैम्प बांधकर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को कॉसन पर गुजारा गया। टूटी पटरी से ट्रेन के गुजरने से बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैक मरम्मत के लिए इंटरसिटी को आउटर पर रोका गया लेकिन इसके बाद आने वाली अवध आसाम एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनों को रोकना पड़ा। इसके चलते यात्री काफी देर तक परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक वीके शुक्ला ने बताया कि रेल पटरी में मामूली फैक्चर होने से दस मिनट तक इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रुकी थी। इसके बाद ट्रैक को सही करवा दिया गया।