मिनी सचिवालय पर कब्जा, बनाया गोदाम
क्रासर
- उदासीनता के चलते जर्जर हो गया भवन
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो- 24, 25पी
सिद्धौर (बाराबंकी)। सरकार के कड़े निर्देश के बाद भी सरकारी भवनों में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसूलपुर में प्रशासन द्वारा लाखों रुपए की लागत से करीब 8 वर्ष पूर्व मिनी सचिवालय का निर्माण कराया गया था। मिनी सचिवालय पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर बिजली का सामान भर दिया गया है।
सिद्धौर ब्लाक की ग्राम पंचायत रसूलपुर में प्रशासन द्वारा लगभग 8 वर्ष पूर्व 17 लाख रुपए की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण कराया गया था। यह अब उपेक्षा का शिकार है। मिनी सचिवालय परिसर में बड़ी-बड़ी घास उगी है। इसके अलावा खिड़की टूटे पड़े हैं तथा फर्श उखड़ गई है। गांव के ही ठेकेदार ने मिनी सचिवालय में कब्जा कर बिजली का सामान भरवा दिया है। इसका मुख्य उद्देश्य गांव में तैनात सचिव मिनी सचिवालय में बैठकर ग्रामीणों को परिवार रजिस्टर नकल मृत्यु प्रमाण पत्र आदि उपलब्ध कराना था। गांव में होने वाले विकास कार्यों को लेकर खुली बैठक कराना था, लेकिन यहां आज तक एक भी बैठक नहीं हुई। सहायक विकास अधिकारी आरपी सिंह का कहना है कि रसूलपुर गांव के मिनी सचिवालय में किसी व्यक्ति द्वारा कब्जा कर अपना सामान रखने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी और उसे तत्काल खाली कराया जाएगा।