राष्ट्रीय मासिक लोक अदालत में निपटे 35939 मुकदमे
- अर्थदंड एवं प्रतिकार के रुप में वसूले गए 6 करोड़ 10 लाख 51 हजार 846 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों एवं सिविल कोर्ट के समस्त न्यायालयों द्वारा 35939 मुकदमों का निस्तारण कर कुल 6 करोड़ 10 लाख 51 हजार 846 रुपये अर्थदण्ड एवं प्रतिकर के रूप में जमा कराया गया।
निस्तारित मामलों में सिविल कोर्ट के विभिन्न न्यायालयों द्वारा 3338 वादों का निस्तारण करते हुए दो करोड़ 90 लाख 63 हजार 608 रुपये की धनराशि अर्थदंड एवं प्रतिकर के रूप में वसूल किया गया। प्री-लेटिगेशन के 32601 मामलों का निस्तारण करते हुए कुल तीन करोड़ 19 लाख 88 हजार 238 रुपए की धनराशि वसूली गई। जनपद न्यायाधीश राम कैलाश द्वारा कुल 09 वादों का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार अन्य न्यायालयों व विभागों द्वारा वादों का निस्तारण कराकर अर्थदंड व प्रतिकर के रुप में धनराशि की वसूली की गई है। इस मौके पर न्यायिक व कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।