पिछले चुनाव से इस बार बढ़ा 2.54 प्रतिशत मतदान
-पिछली बार नगर पालिका परिषद में हुई थी 43.7 प्रतिशत वोटिंग
- 2012 के निकाय चुनाव में जिले में हुआ था 55 प्रतिशत मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। तीसरे चरण में हुए मतदान में सबसे कम मतदान नगर पालिका परिषद क्षेत्र में हुआ। लेकिन पिछले वर्ष 2012 के निकाय चुनाव की अपेक्षा इस बारे के चुनाव में जिले की एक मात्र नगर पालिका परिषद में पांच वर्ष के बाद 3.58 प्रतिशत मतदान का ही इजाफा हुआ है। वहीं जिले में पिछले चुनाव में जहां 55 प्रतिशत कुल वोटिंग हुई थी वहीं इस बार 2.54 प्रतिशत बढ़ते हुए 57.54 प्रतिशत मतदान जिले भर में हुआ है।
जिले की एक मात्र नगर पालिका परिषद में बुधवार को हुए मतदान में कुल 47.28 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि पिछले वर्ष 2012 में यहां कुल 43.7 प्रतिशत वोट पोल हुआ था। यह हाल तब है जब परिसीमन के बाद नगर पालिका परिषद की सीमा में आस पास की नौ ग्राम पंचायतें इसमें शामिल हुई है। इसी प्रकार वर्ष 2012 में जिले के 12 नगर पंचायतों में हुए निकाय चुनाव में 55 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। जो इस बार मामूली बढ़त लेकर 57.54 तक ही पहुंची। इस बार के चुनाव में पिछली बार की अपेक्षा 2.54 प्रतिशत अधिक मतदाताओं का इजाफा हुआ है।