अर्धसैनिक बल के साये में बेलहरा में हुई वोटिंग
- पहली बार वोट डालने के लिए जोश में दिखे बेहलरा के मतदाता
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर/बेलहरा (बाराबंकी)। स्थानीय निकाय चुनाव के लिये तहसील क्षेत्र के बेलहरा व फतेहपुर नगर पंचायत में चल रही चुनावी सरगर्मी बुधवार को मतदान के बाद समाप्त हो गई। दोनों ही नगर पंचायतों में सुबह शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहा। बेलहरा नगर पंचायत में अर्धसैनिक सुरक्षा बल के साए में चुनाव कराया गया।
तहसील क्षेत्र की फतेहपुर व बेलहरा नगर पंचायत में तीसरे चरण में सुबह सात बजे शुरु हुए मतदान में शुरुआती दौर में तो भीड़ कम रही, लेकिन दोपहर होते ही बूथों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी। लोगो को घंटो लाइन में लगकर अपने बारी का इंतजार करना पड़ा। फतेहपुर नगर पंचायत में दोपहर तीन बजे तक लगभग सभी बूथों पर 50 प्रतिशत मतदान हो चुका था तथा वोटिंग के लिए मतदाताओं की कतारे लगी हुई थी। फतेहपुर में पहली बार वोट डालने जा रहे युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं बेलहरा नगर पंचायत में पहली बार हो रहे निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने लोकतंत्र के इस महापर्व पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं अति संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण बेलहरा में पुलिस व मिलेट्री के कड़े पहरे के बीच मतदान संपन्न हुआ।