विवाह समारोह में आतिशबाजी पर नहीं लग पा रही रोक
- प्रशासन के यहां पंजीकृत हैं 53 आतिशबाज
- शासन के आदेश का अनुपालन कराने को दिया गया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। प्रदेश में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए शासन ने विवाह समारोहों में आतिशबाजी पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है लेकिन इस आदेश का अनुपालन होता जिले में दिखाई नहीं दे रहा है। इन समारोहों में खुलेआम आतिशबाजी की जा रही है।
प्रशासन की मानें तो जिले में 53 आतिशबाज पंजीकृत हैं। इसके अलावा आकर्षक और लुभावने बोर्ड लगाकर सैकड़ों मैरिज लॉन संचालित हो रहे हैं। वहीं वैवाहिक समारोहों का आयोजन कराने के लिए किसी प्रकार की अनुमति की आवश्यकता भी नहीं है। मौजूदा समय में सहालग का दौर होने की वजह से जिले भर में शादी समारोहों का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। इन समारोहों में आतिशबाजी का भी जमकर प्रयोग हो रहा है। इससे निकलने वाले धुएं से वायु प्रदूषण प्रदूषित हो रहा है। इसको देखते हुए शासन ने शादी समारोहों में आतिशबाजी के प्रयोग पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। लेकिन जिले में इस आदेश का अनुपालन होता नहीं दिख रहा है। शहर के अंदर ही संचालित हो रहे मैरिज लॉनों में प्रतिदिन इस तरह के समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शासन द्वारा जारी किए गए आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वैवाहिक समारोहों में आतिशबाजी पर पूरी तरह से रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं। इस संबंध सभी तहसीलों के एसडीएम को आदेश जारी कर दिए गए हैं शासन के आदेश का पूरी तरह से अनुपालन कराया जा रहा है।
अनिल कुमार सिंह, एडीएम