फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: 50000 वाहन डायवर्ट, रामभक्तों के नाम रहा हाईवे

Sun, 31 Dec 2023 12:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। अयोध्या में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे रामभक्तों के नाम रहा। आम वाहनों व बसों के लिए हाईवे करीब 20 घंटे बंद रहा। लखनऊ से अयोध्या जिले की सीमा तक पूरे दिन अफसरों के साथ पुलिस की गाड़ियां दौड़ती रहीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। करीब 50 हजार वाहनों ने रास्ता बदलकर सफर तय किया।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दृष्टिगत शुक्रवार की रात आठ बजे से ही लखनऊ-अयोध्या नेशनल पर चौकसी बढ़ा दी गई थी। वाहनों को हाईवे पर आने से रोकने के लिए अनौरा, सफदरगंज, रामसनेहीघाट, रामनगर तिराहे व चौपुला चौराहे पर पुलिस ने बैरियर लगा दिए थे। शनिवार सुबह सात बजे से ही जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के 800 शक्ति केंद्रों व बूथों से बसों में बैठकर कार्यकर्ता व आम लोग अयोध्या कूच कर चुके थे।

जिले का दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र अयोध्या लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। इसलिए यहां के हजारों लोग अयोध्या में कार्यक्रम में पहुंचे। दरियाबाद के विधायक व राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर अयोध्या गए। अहमदपुर टोल प्लाजा के अनुसार दोपहर करीब 11 बजे तक रामभक्तों व कार्यकर्ताओं के 1500 वाहन हाईवे से होकर अयोध्या के लिए गए। इनमें करीब 800 बसें थीं। दोपहर में हाईवे पर सन्नाटा पसरा रहा। दो बजे के बाद लोगों का अयोध्या से लौटना प्रारंभ हुआ।
विज्ञापन


शाम पांच बजे तक अधिकतर वाहन अयोध्या से लौट चुके तो डीएम व एसपी ने अयोध्या के जिला प्रशासन से संपर्क कर डायवर्जन समाप्त करवा दिया। इस दौरान हाईवे से करीब 18 हजार, हैदरगढ़ से 10 से 12 हजार, चौकाघाट, सफदरगंज, चौपुला, किसान पथ से करीब 50 हजार वाहनों को दूसरे मार्गों से गुजरना पड़ा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या अन्य दिनों से करीब 30 फीसदी ज्यादा थी। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि डायवर्जन बहुत सफल रहा। इससे अयोध्या जाने वालों को निर्बाध सड़क मिली।





टोल प्लाजा से कम गुजरे वाहन, लाखों की क्षति
डायवर्जन का असर जिले के तीनों टोल प्लाजा की कमाई पर भी पड़ा। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा के प्रबंधक जितेंद्र बहादुर सिंह के अनुसार रोजाना करीब 14 से 18 हजार वाहन गुजरते हैं, जिनसे करीब 36 लाख रुपये का राजस्व आता है। शनिवार का केवल 1500 वाहन गुजरे और उनसे टोल नहीं लिया गया। इसी प्रकार लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर बारा टोल प्लाजा पर करीब ढाई लाख का राजस्व कम आया। बाराबंकी बहराइच हाईवे पर शहाबपुर टोल प्लाजा के प्रबंधक पुष्पेंद्र तिवारी ने बताया कि रोजाना पांच लाख के सापेक्ष शनिवार को केवल तीन लाख की आय हुई।





बाराबंकी से गुजरी अमृत भारत, होगी स्टॉपेज की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में दरभंगा से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली जिस अमृत भारत ट्रेन का शुभारंभ किया गया, वह शनिवार दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर बाराबंकी रेलवे स्टेशन से गुजरी। लोगों ने ट्रेन की फोटो भी खींची। हालांकि अधीक्षक पियूष वर्मा ने बताया कि ट्रेन का स्टापेज बाराबंकी में नहीं है। ऐसे में लोगों ने तय किया है कि इस ट्रेन के ठहराव की मांग सांसद से करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें