बाराबंकी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में पहुंचे 47 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल पर रेफर कर दिया गया। टीबी के संदिग्ध आठ मरीज मिलने पर जांच के लिए भेज दिया गया। इस दौरान सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा रही।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 3783 मरीज देखे गए। इनमें 1358 पुरुष, 1390 महिलाएं और 1035 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान बुखार के 266, सर्दी-जुकाम के 419, गैस्ट्रो के 439, डायबिटीज के 256, त्वचा रोग के 466, खून की कमी के 181, हाइपरटेंशन के 41, नेत्र रोग के आठ मरीज देखे गए।
इस बीच संदिग्ध मिलने पर 60 लोगों की कोविड जांच, 23 की हेपेटाइटिस बी, 13 की हेपेटाइटिस सी, सात लोगों की मलेरिया और आठ लोगों की डेंगू की जांच कराई गई लेकिन इनमें से एक भी संक्रमित नहीं पाया गया। इस दौरान पीएचसी पर इलाज के लिए पहुंचीं नादिरा, नुसरत, रामबाबू, कैलाश व मेहरजहां ने बताया कि एक सप्ताह से सर्दी-जुकाम और बुखार से परेशान हैं। चिकित्सकों जांच कराकर दवाएं दीं।
एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम में आए बदलाव की वजह से सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। स्वास्थ्य मेले में सबसे ज्यादा मरीज इसी के रहे। मरीजों को असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सक और कर्मचारी लगाए गए थे।