बाराबंकी। बेलहरा क्षेत्र के ग्राम छेदा के पास पारा गांव में 11 हजार विद्युत लाइन का तार टूट गया। इससे करीब 45 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं सूरतगंज के मोहम्मदपुर खाला फीडर से जुड़े गांवों में भी बिजली व्यवस्था बदहाल है। इस फीडर से जुड़े गांवों को महज 10 घंटे से भी कम आपूर्ति मिल रही है।
बेलहरा में दोपहर करीब एक बजे तेज हवा के कारण तार टूटा था। चार घंटे बाद भी शाम पांच बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। इससे करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित रही। मोहम्मदपुर खाला फीडर से रायपुर, चंद्रा, मोहम्मदपुर खाला, चंदूरा, टांडा, इमलीपुर और बसौली समेत कई गांवों को बिजली मिलती है। यहां दिनभर में करीब 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पाती है। अधिकांश समय लाइन में फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है।
वहीं पारा गांव के पास तार टूटने से रंजीतपुर, झबरापुर, पतौंजा, केसराई, छेदा, तिवारीपुर, लोहारपुर, दुन्दपुर, गैसापुर, बसारी और जगतपुर समेत 30 गांवों की बिजली ठप हुई। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने फॉल्ट दुरुस्त करने का काम शुरू किया। हालांकि, शाम पांच बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। करीब 50 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूरतगंज विद्युत उपकेंद्र के मोहम्मदपुर खाला फीडर की आपूर्ति व्यवस्था खराब है। उपभोक्ताओं को दिनभर में केवल 10 घंटे ही बिजली मिल पाती है। जेई आनंद कुमार ने बताया कि छेदा फीडर की आपूर्ति ठप है। इसे जल्द ही सही कर आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।