बाराबंकी। जिले के लोगों ने पौधरोपण कर एक और रिकार्ड बनाया है। पौधरोपण अभियान के नोडल अधिकारी और जिले के पूर्व डीएम रहे विकास गोठलवाल ने सांसद उपेंद्र सिंह रावत के साथ जहांगीराबाद आईटीआई परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में पौधे रोपित किए।
वहीं ग्राम पंचायत, ब्लॉक और विद्यालय परिसर में भी पौधे लगाए गए। 27 विभागों के माध्यम से एक ही दिन में रविवार को 44 लाख 61 हजार 800 पौधे रोपित कर रिकार्ड बनाने का दावा किया गया। शहर से लेकर गांव तक पौधरोपण का उत्सव देेखने को मिला। दोपहर बाद हुई बारिश से पौधों को संजीवनी भी मिल गई।
रविवार को आईटीआई जहांगीराबाद परिसर में सांसद उपेंद्र सिंह रावत, नोडल अधिकारी व सचिव विकास गोठलवाल, सीडीओ एकता सिंह, डीएफओ एनके सिंह, एसडीएम अभय पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी संकरी व पीपल के पौधे रोपित किए। वन विभाग द्वारा यहां आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि सांसद उपेंद्र रावत ने कहा कि कहा बिना ऑक्सीजन मनुष्य जी नहीं सकता है। जब समस्या आती है तो ऑक्सीजन की अहमियत का पता चलता है।
उन्होंने वन विभाग को सुझाव देते कहा कि कल्याणी नदी किनारे की जमीन पर पौधे लगाए जाएं। वहीं नोडल अधिकारी विकास गोठलवाल ने कहा कि इस पौधरोपण अभियान में जन सहभागिता जरूरी है। इस संदेश को जनता तक पहुंचाया जाए। इसके बाद आईटीआई परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 55 सौ पौधे लगाने का दावा वन विभाग द्वारा किया गया। दोपहर बाद अचानक हुई बारिश से रोपित पौधों को संजीवनी मिल गई।
जनप्रतिनिधियों और नोडल अफसर विकास गोठलवाल ने शहर की आवास विकास कॉलोनी में कोविड से मृत कर्मचारियों की याद में बनाई गई स्मृति वाटिका में भी पाकड़, नीम, अमरूद आदि के पौधे लगाए। इस स्मृति वाटिका में वन विभाग के सहयोग से विभिन्न प्रजातियों के 29 पौधे लगाए गए।