बाराबंकी। बोर्ड परीक्षा के छात्रों को पास कराने के नाम पर बड़े पैमाने पर खेल खेला जा रहा है। पास करने के नाम पर इन छात्रों से पैसों की मांग फोन पर की जा रही है। खाता नंबर भी दिया जा रहा है जिसमें एक घंटे के अंदर पैसा डालने की डिमांड की जा रही है। छात्रों ने इसकी जानकारी विद्यालय प्रबंधकों को तो प्रबंधकों ने इसकी लिखित शिकायत डीआईओएस से की है। शिकायत मिलने के बाद डीआईओएस ने जांच शुरू कर दी है।
छात्रों के पास फोन आ रहे हैं जिसमें उनका रोल नंबर, माता पिता का नाम आदि पूछकर डाटा मैच कराने की बात कहकर 35 सौ रुपये से चार हजार रुपये की मांग की जा रही। उनसे यह पैसा राजस्थान के एक बैंक खाते में डालने की डिमांड की जा रही है। फोन पर छात्रों से यह भी कहा जा रहा है कि वह इस बात की जानकारी किसी और को न दे और फोन काल के एक घंटे के अंदर बताए गए बैंक एकाउंट में पैसा जमा कर दें। ऐसा करने पर ही वे 355 से ज्यादा नंबर दे पाएंगे। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो उनका भविष्य खराब हो सकता है।