बाराबंकी। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं की लापरवाही व ड्यूटी से गायब रहने के कारण पढ़ाई का स्तर चौपट होता जा रहा है। नए शिक्षा सत्र में दो से 12 अप्रैल तक खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में 41 शिक्षक जहां ड्यूटी से अनुपस्थित मिले वहीं तीन विद्यालयों में ताला पड़ा था। बुधवार को बीएसए ने ड्यूटी से गायब मिले सभी शिक्षकों का नोटिस जारी करते हुए वेतन रोकने की कार्रवाई की है।
निरीक्षण के दौरान हैदरगढ़ ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय मल्लाहनपुरवा और प्राथमिक विद्यालय निंदूरी 11 अप्रैल को जबकि सूरतगंज के सारी गौरा प्राथमिक विद्यालय आठ अप्रैल को बंद मिला। वहीं, निरीक्षण के दौरान स्कूल में न मिलने वाले ब्लॉक बनीकोडर के सात अनुदेशक व अध्यापक, बंकी के चार, दरियाबाद और देवा के एक-एक, फतेहपुर के नौ, हरख के एक, निंदूरा के दो रामनगर के पांच, सिद्धौर के एक, सूरतगंज के 10 और त्रिवेदीगंज के एक शिक्षक का वेतन रोका गया है। बीएसए संतोष देव पांडेय ने बताया कि सभी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में लिखित जवाब मांगा गया है।