बाराबंकी। जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। इसमें शामिल युवाओं का उत्साह देखते ही बना। साक्षात्कार के बाद जारी हुई चयन सूची को देख कर चयनित अभ्यर्थियों का चेहरा रोजगार पाने की खुशी से चमक उठा। सुबह दस बजे शुरू हुए इस रोजगार मेला में कुल 155 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 41 अभ्यर्थियों का चयन रोजगार के लिए हुआ। इसमें 32 युवक व नौ युवतियां शामिल हैं।
रोजगार मेले में ब्राइट फ्यूचर पुखराज हेल्थ केयर प्रा. लि., शिवशक्ति बायोटेक प्रा. लि., रिलायंस निप्पो इंश्योरेंस तथा टाइम्स प्रो जैसी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की तरफ से आए प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों की योग्यता के अनुसार साक्षात्कार के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। बताया गया कि चयनित युवाओं को जल्द ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी धर्मेंद्र ने बताया कि रोजगार मेला का उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके। (संवाद)