बाराबंकी। कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन इसे लेकर जिस तरह से लापरवाही बरती जा रही है, वह भारी पड़ सकती है। शहर के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। इतना ही नहीं, सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन होता दिखाई नहीं दे रहा है। जिम्मेदार कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन करा पाने में फेल नजर आ रहे हैं।
गुरुवार देर शाम आई रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में 8 और लोग संक्रमित मिले हैं। इस तरह जिले में दस दिनों के अंदर कोरोना के कुल सक्रिय केस 40 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को होम आइसोलेट करा दिया है।
जिले में अब तक कोरोना के 40 केस मिल चुके हैं। 9 मार्च को एक साथ नौ लोगों के संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया था। आननफानन पहुंची अधिकारियों की टीम ने कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई की। इसके बावजूद लगातार कोरोना के मरीज मिलते जा रहे हैं। शहर के धनोखर चौराहा, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, घंटाघर, नाका सतरिख में जुट रही भीड़ न तो मास्क लगा रही है और न ही कोरोना गाइडलाइन का पालन ही कर रही है।
सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन भी कहीं पर नहीं दिखाई दे रहा है। जिम्मेदार भी इसका अनुपालन नहीं करा पा रहे हैं। लोग बिना मास्क के खुलेआम घूम रहे हैं और चौराहों पर तैनात पुलिस के जवान मूकदर्शक बने रहते हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रेलवे स्टेशन पर एक टीम तैनात की गई है जो बाहर से आने वाले लोगों की जांच कर रही है। इसके अलावा टीम जगह-जगह कैंप लगाकर भी लोगों की जांच कर रही है। जिला अस्पताल और सीएचसी पर भी कोरोना जांच के पूरे इंतजाम हैं।
सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसे लेकर सभी सीएचसी व पीएचसी अधीक्षकों को निर्देशित किया जा चुका है। गुरुवार देर शाम आई रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में 8 और लोग संक्रमित मिले हैं। इस तरह जिले में दस दिनों के अंदर कोरोना के कुल सक्रिय केस 40 हो गए हैं।