बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला से जमीन के नाम पर 34 लाख 50 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। महिला के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने दंपती पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के राममंडई गांव के कुंदनलाल ने एसपी से शिकायत में बताया था कि इनकी भतीजी सारथी पासवान गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर में रहती हैं। भतीजी ने ही सफदरगंज थाना क्षेत्र के बिरौली गांव निवासी गुरुदीन से 0.505 हेक्टेयर जमीन खरीदने के लिए 25 जनवरी 2023 को पंजीकृत अनुबंध किया था। इसके एवज में विभिन्न तारीखों में 34 लाख 50 हजार रुपये का भुगतान भी आरोपी को बैंक खाते से किया गया था। पैसा लेने के बाद भी आरोपी जमीन का बैनामा करने मेें आनाकानी कर रहा है।
बताया कि 10 नवंबर को पैसा वापस मांगने पर गुरूदीन व उसकी पत्नी ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। गवाहों को भी दुष्कर्म व एससी एसटीएक्ट में फंसाने की धमकी दी। सफदरगंज के एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दंपती पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।