फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनएचएम के प्रोग्राम मैनेजर समेत 33 मिले कोरोना पॉजिटिव

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में तैनात प्रोग्राम मैनेजर समेत 33 और लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। जिले में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है लेकिन विभाग इस पर रोक लगाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा पा रहा है। इसकी वजह से ही 11 दिन में यह आंकड़ा सौ को पार कर गया है। मौजूदा समय में जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 113 पहुंच गई है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में तैनात एक अधिकारी के संक्रमित होने के बाद इनके साथ कार्य कर रहे प्रोग्राम मैनेजर भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को कराई गई जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद सीएमओ के आदेश पर इन्हें होम आइसोलेट किया गया है।
इसके अलावा एसबीआई में कार्यरत एक कर्मचारी भी जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वहीं सीएचसी बड़ागांव में कार्यरत एक और कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ गया है। शाम को आई जांच रिपोर्ट में जिले में 33 और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट करते हुए संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है।
विज्ञापन

जिले में कोरोना के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग संक्रमण पर काबू पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है जिसकी वजह से जिले में 11 दिन में ही कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सौ को पार कर गया है। इसके बाद भी लोग सुधर नहीं रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर वह न ही मास्क का प्रयोग कर रहे हैं और न ही कहीं पर सोशल डिस्टेसिंग का ही पालन किया जा रहा है।
बाजारों में पहले की ही भांति भारी भीड़ जुट रही है। जबकि संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इसके बाद भी लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि जिले में 33 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संबंधित क्षेत्र के चिकित्सकों को इन पर बराबर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से बार-बार अपील की जा रही है कि संक्रमण की बढ़ती गति को देखते हुए वह अपने घरों में रहे और सुरक्षित रहें। बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और मास्क जरूर लगाएं।
26 हजार किशोर और वयस्कों को लगा टीका
बाराबंकी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत जिले में शुक्रवार को 26 हजार किशोर और वयस्कों को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें किशोर-किशोरियों की संख्या आठ हजार तथा वयस्कों की संख्या 18 हजार के आसपास रही। कई दिन बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल में टीकाकरण के लिए किशोरों की लंबी लाइन लगी दिखाई दी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि धीरे-धीरे किशोरों में टीकाकरण के प्रति रुझान बढ़ रहा है। यही कारण है कि अब टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगवाने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। उधर, आवास विकास स्थित सेंट्रल एकेडमी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 से 18 वर्ष के छात्रों का टीकाकरण किया गया।
जिसमें कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी गयी। यहां पर केयर इंडिया स्टाफ के रवींद्र कुमार शुक्ला, प्रदीप कनौजिया, चंद्रकेश, प्रीति चौधरी तथा सीएचसी जाटा बरौली की टीम ने 325 छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लगाई। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. राजीव सिंह मौजूद रहे। (संवाद)
बाजार में भीड़, मास्क नदारद, बेकाबू हो रहा संक्रमण
बाराबंकी। कोरोना के केस लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। नई गाइडलाइन तक जारी हो चुकी है मगर शहर की बाजारों में पूरी तरह से पालन नहीं हो रहा है। हालात यह है कि शुक्रवार को शहर में लगने वाली सट्टी बाजार में जमकर भीड़ उमड़ी। लोगों ने मास्क तक नहीं लगा रखे थे। पूरा दिन खरीदारी होती रही। यही हाल शहर के अन्य जगहों पर भी दिखा।
दुकानें, ढाबे, होटल, रेस्टोरेंट आदि पहले की भांति चल रहे हैं। बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी कोई उपाय नहीं किए गए हैं। शुक्रवार को सट्टी बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ रही। धनोखर चौराहे से लेकर घंटाघर तक सड़क पर भीड़ का माहौल रहा। बाजार में बाहर से आने वाले तमाम दुकानदारों ने भी मास्क नहीं लगा रखे थे।
सोशल डिस्टेसिंग कहीं नजर नहीं आ रही थी। जबकि संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। यही हाल लगातार बसों में भी दिख रहा है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद भी बसों को सैनिटाइज कराने की प्रभावी व्यवस्था न किए जाने व भीड़भाड़ में हो रही यात्रा संक्रमण बढ़ा सकती हैं। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें