बाराबंकी। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे मानकों के अनुसार भाषा व गणित में निपुण हुए कि नहीं यह जानने के लिए 25 व 26 नवंबर को 2.98 लाख बच्चों की मूल्यांकन परीक्षा हाेगी। इसके लिए ओएमआर शीट का प्रकाशन कर सभी ब्लॉकों में भेज दी गई है। परीक्षा कार्य की निगरानी के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाए जा रहे हैं। इन परीक्षा के परिणाम के आधार पर स्कूलों को निपुण घोषित किया जाएगा।
जिले में 2624 परिषदीय स्कूलों में दो लाख 98 हजार बच्चे पंजीकृत है। निपुण भारत अभियान के तहत मार्च मार्च 2025 तक बच्चों को भाषा व गणित में निपुण करना है। अफसोसजनक यह है कि अब तक केवल पौने दो सौ स्कूल ही निपुण घोषित किए गए है। समय समय पर मूल्यांकन होता रहता है। इस बार 25 नवंबर को कक्षा एक से तीन व 26 नवंबर को कक्षा तीन से आठ के तक के बच्चों की परीक्षा ली जाएगी। बीएसए संतोष देव पांडेय ने बताया कि इस परीक्षा में शिक्षक परख ऐप के जरिए ओएमआर शीट को भरवाकर स्कैन करेंगे।
परीक्षा सुबह नौ बजे से शुरु होगी। कक्षा एक से तीन तक के बच्चों से हिंदी व गणित के सवाल मौखिक रूप से पूछकर शिक्षक शीट भरेंगे। जबकि कक्षा चार व पांच के बच्चों को हिंदी व गणित के अलावा अंग्रेजी व पर्यावरण अध्ययन व कक्षा छह से आठ तक के बच्चों से विज्ञान व सामाजिक विज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब भी देना होंगे।