बाराबंकी। मौसम में बदलाव के चलते सांप के काटने की घटनाएं बढ़ी है। इस साल सांप के काटने से 29 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 23 मृतकों के घरवालों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। छह मृतकों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, जिसकी चलते मुआवजा देने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
सांप काटने के मामले जुलाई में ज्यादा बढ़े हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन आठ से 10 मामले सांप काटने के पहुंच रहे हैं। सोमवार को गुनौली निवासी श्रेयांस खेत से घर जा रहा था कि उसे सांप ने काट लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने बताया कि दो माह में सांप काटने के मामले बढ़े हैं।
अप्रैल से अब तक करीब 219 लोगों को सांप काट चुके हैं। 23 मृतकों के परिजनों को जिला प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपये मुआवजा भी दे दिया गया है। छह मामलों में मृतकाें का पोस्टमार्टम नहीं कराया, जिसकी वजह से यह लोग मुआवजे से वंचित रह गए।