फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों में करीब तीन माह से बीएसएनएल सेवा ठप पड़ी है। उपभोक्ताओं को फोन से बात करने पर नेटवर्क के लिए छत पर व गांव के बाहर जाना पड़ रहा है। बीएसएनएल उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्रीय एसडीओ से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
फतेहपुर क्षेत्र के ररिया गांव में लगा बीएसएनएल टावर अक्सर खराब रहता है। आस पास के गांव हसनपुर टांडा, तिलरन, रौजा, दौलतपुर, पटना, बरौलिया, मजगवां, महंतपुर, सदरापुर समेत करीब दो दर्जन गांवों के अधिकतर लोग बीएसएनएल उपभोक्ता हैं, जो नेटवर्क बाधित रहने से परेशान हैं। क्षेत्र के ही देशराज, राम आधार, सौरभ सिंह, रीता वर्मा, लक्ष्मी तिवारी, रामलाल वर्मा आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि जब से भूकंप आया था तब से बीएसएनएल के नेटवर्क काफी बाधित हैं जिसको सही कराने के लिए कई बार क्षेत्रीय एसडीओ से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है जिससे फोन से बात करने में काफी समस्या हो रही है। जबकि एसडीओ हरिश्चंद्र ने एक माह पूर्व समस्या दूर करने की बात कही थी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उपभोक्ताओं ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी फतेहपुर को प्रार्थना पत्र देकर नेटवर्क की समस्या को दूर कराने की मांग की है।
ररिया गांव में लगा बीएसएनएल टावर खराब होने की जानकारी नहीं है। अगर वहां पर नेटवर्क बाधित हो रहा है तो इसकी जांच कराकर जल्द ही समस्या दूर की जाएगी।
- हरिश्चंद्र, क्षेत्रीय एसडीओ बीएसएनएल