बाराबंकी। जीरो पावर्टी के तहत कराए गए सर्वे में करीब 22,578 लोग ऐसे पाए गए थे जिन्हें आवास की दरकार है। विभाग ने सर्वे रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। शासन से मिले निर्देशों के बाद इन्हें आवास देने की प्रक्रिया शुरू करते हुए सभी पात्रों के नामों की फीडिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। उधर पात्रों के प्राथमिकता के आधार पर राशन कार्ड भी बनाए जा रहे हैं।
इसके अलावा 4,751 लोग ऐसे पाए गए थे जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार ने बताया कि अब तक करीब 11 हजार लोगों के नाम फीड करा दिए गए हैं। फीडिंग का काम तेजी से चल रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि अब तक करीब 2,500 लाेगों के राशन कार्ड बनाए जा चुके हैं। प्राथमिकता के आधार पर राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं।