पूर्व की सरकार में जिला पंचायत राज विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों में जमकर घोटाला किया गया। सिर्फ कागजों पर ही निर्माण कार्य कराकर पैैैसे का बंदरबांट कर लिया गया। पूरेडलई ब्लॉक के कस्बा इंचौली में बीते पांच वर्षों में पूर्व प्रधान व सचिव ने मिलकर खड़ंजा, नाला, नाली व सीसी रोड के निर्माण में 22 लाख रुपये का घोटाला कर लिया। सत्ता परिवर्तन के बाद हुई शिकायत पर जांच में मामला सही पाए जाने पर पूर्व प्रधान व सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। डीएम ने घोटाला करने वाले प्रधान व सचिव से रिकवरी कराने के आदेश दे दिए गए हैं। तय समय में भुगतान न करने पर केस दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पूरेडलई ब्लॉक के कस्बा इंचौली में पूर्व प्रधान हुमा कुरैशी व तत्कालीन सचिव रामप्रसाद की ओर से विकास कार्यों में लाखों रुपयों का बंदरबांट कर लिया गया। पंचायती राज विभाग की ओर से 13वें व राज्य वित्त योजना से गांव का विकास कराने के लिए नाली, खंड़जा व सीसी रोड का निर्माण कागजों पर दिखाकर 22 लाख रुपये का घोटाला कर लिया गया।
घोटाला तब प्रकाश में आया, जब सत्ता परिवर्तन के बाद एक पार्टी के नेता ने विभागीय अधिकारियों समेत डीएम व मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसकी जांच कराने की मांग की। करीब दो माह जांच होने के बाद सामने आया कि पिछले पांच वित्तीय वर्ष में जिन निर्माण कार्यों के लिए विभाग ने प्रधान व सचिव को बजट दिया था, उन कार्यों को सिर्फ कागजों पर ही पूूरा कर लिया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने पूर्व प्रधान व तत्कालीन सचिव से रिकवरी कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्धारित समय में भुगतान न करने पर दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कराने की भी बात कही है।
बाक्स
प्रमुख बड़े निर्माण में किया गया घोटाला
वित्तीय वर्ष कार्य घोटाले की रकम
2011-12 नाला निर्माण 77370
2011-12 खंड़जा व सीसी 51726
2012-13 नाली निर्माण 122950
2012-13 खंड़जा निर्माण 109000
2013-14 खंड़जा निर्माण 133292
2013-14 नाला निर्माण 115306
2013-14 खंड़जा निर्माण 93628
2014-15 खंड़जा निर्माण 116952
2015-16 नाला निर्माण 90574
2015-16 खंड़जा निर्माण 95982