- डीपीआरओ की संस्तुति के बाद डीडीओ ने जांच कर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। विकास खंड दरियाबाद में स्थानांतरण के बाद 22 लाख का भुगतान गलत तरीके से करने के मामले में डीडीओ ने ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया है। दरियाबाद में तैनात रहे सचिव राम प्रकाश वर्मा का तबादला 30 जून को मसौली ब्लाॅक के लिए हो गया था।
डीडीओ भूषण कुमार ने स्थानांतरण के साथ 24 घंटे में कार्यमुक्त करने के निर्देश भी दिए थे, जिस पर तत्कालीन बीडीओ नंदकुमार पांडे ने एक जुलाई को सचिव को कार्य मुक्त कर दिया था। इसके बाद भी सचिव ने छह ग्राम पंचायमों से जुड़ा करीब 22 लख रुपए का भुगतान दो जुलाई से पांच जुलाई के मध्य कर दिया। शिकायत पर सचिव ने कार्यमुक्त आदेश पत्र तीन जुलाई को होना दर्शाया और पांच जुलाई को कार्यमुक्त होने का हवाला दिया।
इस मामले में सीडीओ एकता सिंह के निर्देश पर डीपीआरओ रोहित भारती ने जांच की थी। इसमें कार्यमुक्त होने के बाद भुगतान का मामला सही पाया गया। डीपीआरओ ने सचिव को निलंबित करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिला विकास अधिकारी को सौंप दी थी। शुक्रवार को डीडीओ भूषण कुमार ने दरियाबाद ब्लॉक पहुंचकर दस्तावेज खंगाले और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की। इसके बाद सचिव को निलंबित कर दिया गया। डीडीओ ने बताया कि कार्यमुक्त के आदेश के बाद भी सचिव ने भुगतान किया था, जिसके चलते उसे निलंबित कर दिया गया है।