चित्तापुरवा गांव में एक सप्ताह से खसरे का प्रकोप है। इसकी चपेट में आकर भारी संख्या में बच्चे बीमार हो गए है। गांव में फैली गंदगी के चलते संक्रामक रोग तेजी से पूरे गांव में फैल रहा है। ग्रामीणों ने खसरा फैलने की सूचना सीएचसी पर दी। लेकिन कोई चिकित्सक गांव नहीं पहुंचा।
बीमार बच्चों का इलाज निजी चिकित्सकों के यहां मजबूरी में कराया जा रहा है। विकासखंड फतेहपुर क्षेत्र के चित्तापुरवा गांव में व्याप्त गंदगी के कारण एक सप्ताह से खसरा फैला हुआ है। खसरे की चपेट में आकर अमरेश (10), अंशिका (5), विमलेश (17), साधना (7), आकाश (12), राजा (13), शैलेंद्र (11) समेत करीब 22 बच्चे बीमारी से जूूझ रहे हैं।
ग्रामीण राजकरन, अमित, सोनू, दिनेश, किशोर आदि का कहना है कि गांव में खसरा फैलने की सूचना दो बार सीएचएसी फतेहपुर के अधीक्षक को दी जा चुकी है। लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम गांव नहीं पहुंची है। जिससे गांव में तेजी से खसरा फैल रहा है। जो बच्चे बीमार हैं उन्हें सिहाली चौराहे पर निजी डॉक्टरों से इलाज कराया जा रहा है।