बाराबंकी। शहर की यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहीं होर्डिंग हटवाने, पॉलीथिन जब्त करने छुट्टा मवेशियों को पकड़ने का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। अभियान के दौरान 218 होर्डिंग उतरवाए गए और प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने व अतिक्रमण पर 8,000 रुपये का जुर्माना ठोका गया। इसके अलावा शहर के 29 वार्डों से करीब 255 किग्रा पॉलीथिन एकत्रित की गई।
शहर में ईओ संजय कुमार शुक्ला की अगुआई में कर निर्धारण अधिकारी कमलेश चौबे, कर अधीक्षक ज्ञान चंद्र, संजय भारती, राजस्व निरीक्षक नदीम अहमद फरीदी, इंद्रजीत सिंह व 10 सफाई कर्मचारियों की टीम ने नाका सतरिख चौराहे से लेकर डीएम आवास तक अभियान चलाया। इस दौरान डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभों से 190, सड़क किनारे लगी 17 मध्यम और 11 बड़े आकार की होर्डिंग उतरवाई गईं। इसके साथ धनोखर चौराहे के आसपास भी होर्डिंग उतरवाने का अभियान चलाया गया। वहीं शहर में केडी सिंह बाबू स्टेडियम के निकट स्थित न्यू बेकरी की जांच की गई ताे वहां 670 ग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। साथ ही बेकरी द्वारा सड़क पर कब्जा भी कर रखा गया था। नगर पालिका ने पॉलीथिन बरामदगी पर 5,000 रुपये और अतिक्रमण पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही मोहल्लों में चल रहे पॉलीथिन मुक्त अभियान में 255 किग्रा पॉलीथिन एकत्रित की गई है। इसके अलावा लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पल्हरी चौराहा, स्टेडियम के पास व आलापुर मजार के निकट 13 मवेशी पकड़े गए। इन मवेशियों को बदोसराय के हजरतपुर गो आश्रय स्थल में संरक्षित कराया गया है। नगर पालिका क्षेत्र में 203 गोवंश संरक्षित कराए जाने थे। अब तक 187 गोवंश संरक्षित कराए जा चुके हैं।