संयुक्त टीम ने चिन्हित किए झोलाछाप
क्रासर
- किसान की मौत के बाद जागा प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
जैदपुर (बाराबंकी)। झोलाछाप के इलाज से किसान की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग व पुलिस हरकत में आई है। रविवार को डॉक्टर व पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में झोलाछापों को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया। इसकी भनक लगते ही झोलाछाप दुकानें बंद कर भाग निकले। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने झोलाछाप डॉक्टारों की सूची बनाने का जिम्मा जैदपुर सीएचसी प्रभारी को दिया है। झोलाछापों की सूची बनने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रविवार को दिन में ज्यादातर क्लीनिक बंद कर डॉक्टर नदारद रहे।
मालूम हो कि शनिवार को मोहल्ला अलीअकबर कटरा में किसान जगदीश प्रसाद की झोलाछाप के इलाज से मौत हो गई थी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है। मौके पर पहुंचे नोडल अधिकारी डॉ. एसके गौतम ने झोलाछाप का क्लीनिक सील करा दिया था। इसके साथ ही क्षेत्र में अन्य झोलाछापों पर कार्रवाई किए जाने का आदेश दिया था। रविवार को जैदपुर अधीक्षक डॉ.जाकिर हुसैन व डॉ. निखिल यादव पुलिस की मदद से क्षेत्र के सभी झोलाछाप डॉक्टरों की सूची तैयार करने में जुट गए। झोलाछाप चिकित्सकों की सूची बनाए जाने की सूचना के बाद रविवार को क्षेत्र के तमाम क्लीनिक बंद रहे। सीएचसी जैदपुर के अधीक्षक डॉ जाकिर हुसैन ने बताया कि बंगाली की क्लीनिक सीज की जा चुकी है। इसके अलावा क्षेत्र में झोलाछापों की सूची तैयार की जा रही है। सभी के नाम पता की जानकारी कर नोटिस भेज जवाब मांगा जाएगा।