मिट्टी गिराने से मना करने पर पर एजेंसी कर्मियों को पीटा
- निर्माणधीन सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे का मामला
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। हाईवे निर्माण में लगे डंपरो को जबरन रोककर मिट्टी पेट्रोल पंप पर गिराने का विरोध करने पर निर्माण एजेंसी कर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने कुछ लोगों को मौके से हिरासत में लेकर विवाद शांत कराया। सीओ ने कहा कंपनी की ओर से लिखित शिकायत न मिलने पर पकड़े गए लोगो को बाद में छोड़ दिया गया।
बुधवार की रात को हाईवे पर लोनीकटरा स्थित ककरी गांव के निकट निर्माणाधीन पेट्रेल पंप पर सड़क निर्माण एजेंसी के डंपरों से जबरन मिट्टी गिराए जाने सूचना पुलिस अधिकारियों मिली थी। लोनीकटरा व कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां रोके गए मिट्टी लादे खड़े डंपर को आगे के लिए रवाना किया तथा वहां मौजूद कई लोगों को गिरफ्त में ले लिया। सीओ समर बहादुर ने बताया सड़क निर्माण एजेंसी दिलीप बिल्डिकान के सुपरवाइजर राजेंद्र की सूचना पर पुलिस को भेजा गया था। मौके पर कंपनी के डंपरों को जबरन रोककर मिट्टी गिरवा रहे कुछ लोगो को लोनीकटरा पुलिस ने गिरफ्त में लिया था। जिन्हें लिखित शिकायत नहीं मिलने पर बाद में छोड़ दिया गया है। पेट्रोल पंप क्षेत्र के पूर्व ब्लाक प्रमुख का बताया जाता है। दिलीप बिल्डिकान के प्रशासनिक अधिकारी सचिन जैन ने कहा कंपनी के लोगों को रात को डराया-धमकाया गया जिससे मौके पर लगे सुपरवाइजर व मजदूर भयभीत होकर घर चले गए हैं। कर्मचारियों के लौटने पर घटना की सही जानकारी लेकर शिकायत दर्ज कराई जाएगी।