जांच में क्रय केंद्र पर मिली अनियमितता
- डीएम के आदेश पर जांच करने पहुंचे डिप्टी आरएमओ
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ की गई शिकायत की जांच करने पहुंचे डिप्टी आरएमओ को शिकायत सही मिली है। क्रय केंद्र प्रभारी किसी प्रकार के कोई अभिलेख नहीं दिखा पाए जिस पर डिप्टी आरएमओ अभिलेखों की जांच के बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट देने की बात कह रहे हैं।
बनीकोडर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गैरिया के प्रधान ओपी अवस्थी ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया था कि साधन सहकारी समिति रामपुर में धान क्रय केंद्र पर भारी पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। निर्धारित मात्रा से अधिक धान की तौल कर किसानों को कम भुगतान किया जाता है। जिस पर जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच डिप्टी आरएमओ को सौंपी थी। इस मामले की जांच करने बृृहस्पतिवार को जब डिप्टी आरएमओ क्रय केंद्र पहुंचे तो यहां पर तैनात केंद्र प्रभारी राम सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे। जानकारी पर बताया गया कि मिल गए हुए हैं। यहां पर किसानों से तौले गए धान की जांच कराई गई तो बोरियों में निर्धारित मानक 40 क्विंटल प्रति बोरी की जगह पर 41 क्विंटल प्रति बोरी भरा पाया गया। इसी बीच पहुंचे केंद्र प्रभारी से अभिलेख दिखाने को कहा गया तो बताया कि अभिलेख घर पर रखे हुए हैं। ऐसी ही स्थिति धान खरीद केंद्र मोहम्मदपुर उपाध्याय में भी पाई गई। डिप्टी आरएमओ प्रभाकांत द्विवेदी ने बताया कि धान खरीद केंद्रों पर अनियमितता पाई गई है। अभिलेखों की जांच के बाद कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।