नवाबगंज माइनर कटी, 150 बीघा फसल जलमग्न
सिद्धौर (बाराबंकी)। विभागीय देखरेख व अनुरक्षण कार्य के अभाव में शुक्रवार की भोर आदमपुर गांव के पास नवाबगंज माइनर करीब 20 मीटर कट गई। जिससे आसपास की करीब 150 बीघा धान व मेंथा की फसल जलमग्न हो गई। खेत में चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। चार गांव के घरों में भी पानी पहुंच गया।
विकास खंड नवाबगंज के सिद्धौर क्षेत्र में आदमपुर गांव के पास शुक्रवार की भोर करीब चार बजे नवाबगंज माइनर कट गई। जिससे माइनर का पानी आसपास के खेतों में भर गया। नहर पटरी कमजोर होने के कारण करीब 20 मीटर माइनर कट गई। खेत पानी से लबालब हो गए और पानी सड़क से ऊपर से बहता रहा।
तेज बहाव के चलते कटान स्थल पर खेत बालू से पट से गए। अवधराम, शिवकरन, राम अधार, संतोष, केशवाराम, विशाल, कुंवर चंद्र, शिवबालक, विनोद कुमार, प्रमोद, राजेंद्र, अवधराम, दीपू, कुल्ली पंडित सहित कई किसानों की करीब 150 बीघा धान व मेंथा की फसल पानी में डूब गई है।
इन ग्रामीणों ने बताया कि फसल पानी में डूब जाने से यह पूरी तरह से नष्ट हो जाएगी। बताया कि इस साल माइनर की सफाई नहीं कराई गई। सूचना के करीब पांच घंटे बाद एसडीओ दिलीप कुमार व अवर अभियंता संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। एसडीओ का कहना है कि टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा था।
इसकी कई बार शिकायत मिली थी। टेल तक पानी पहुंचाने के लिए अधिक पानी छोड़ा गया था। माइनर कटने के कारण प्राथमिक विद्यालय आदमपुर, प्राथमिक विद्यालय कस्बा व प्राथमिक विद्यालय भटपुरा में पानी भर गया। बह रहे पानी के बीच बच्चे स्कूल पहुंचे लेकिन स्कूल में लबालब पानी भरा होने के कारण शिक्षण कार्य नहीं हो सका।
विद्यालय बंद कर दिया गया। स्कूल पहुंचे बच्चे घर लौट गए। खेतों में पानी भर जाने से आदमपुर, नयापुरवा, कस्बा व भटपुरा में पानी भर गया। बहाव तेज होने के कारण पानी नयापुरवा निवासी अवधराम, मिठाईलाल, दीपक, भटपुरा निवासी सुरेंद्र, आदमपुर निवासी झब्बूलाल, हेमलता, संतराम, रामदीन के घरों तक पानी पहुंच गया।
ग्रामीणों का कहना है कि माइनर की सफाई नहीं कराई गई। पुलिया व इसके आसपास झाड़ियां व सिल्ट का अवशेष जमा था। जिससे पानी आगे नहीं बढ़ सका। अनुरक्षण कार्य नहीं होने के चलते माइनर की कमजोर पटरी को दुरुस्त नहीं किया गया।
अधिक पानी छोड़े जाने से माइनर की पटरी कट गई। तेज बहाव के कारण पटान करने में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को करीब पांच घंटे कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ऊपर से पानी बंद करने के बाद भी बहाव के कारण मिट्टी रुक नहीं रही थी।
बोरे में मिट्टी भर कर कटान रोकने का प्रयास किया गया। सिंचाई विभाग के एसडीओ दिलीप कुमार व अवर अभियंता संदीप कुमार ने जेसीबी मंगवाई जिसके बाद कटान की पटान कराई गई।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुप्रभात सिंह ने बताया कि नवाबगंज माइनर पटरी कट गई थी। इसकी मरम्मत कराई जा रही है। नहर की पटरी का अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा। जहां पर पटरी कमजोर होगी उसे दुरुस्त कराया जाएगा।