फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: 20,707 ने दी पुलिस भर्ती परीक्षा, 749 गैरहाजिर

Sun, 18 Feb 2024 02:52 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा पहले दिन 22 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। दोनों पालियों में 21,456 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 749 गैरहाजिर रहे। केंद्रों पर सुबह से ही कतार लगाकर परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर, बायोमीट्रिक व फोटो स्कैन के बाद प्रवेश कराया गया। डीएम, एसपी से लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करती रहीं। वहीं पुलिस की खुफिया सेल सोशल मीडिया से लेकर तमाम गतिविधियों की निगरानी करती रही।
विज्ञापन



शहर के साथ फतेहपुर, देवा, जहांगीराबाद, निंदूरा, सतरिख व जैदपुर क्षेत्रों में शनिवार को सुबह परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें लग गईं। हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट व इंस्पेक्टर की अगुवाई में भारी पुलिस बल व महिला सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मेटल डिटेक्टर, फोटो स्कैनर, बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश कराया गया। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले ही गेट बंद कर दिए गए।

डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी दिनेश कुमार सिंह ने अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्री सांईं इंटर कॉलेज बड़ेल व लखपेड़ाबाग, जनेस्मा महाविद्यालय समेत अन्य कॉलेजों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी ओएमआर शीट जमा कराने के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई। शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ओएमआर सील लिफाफों में कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखवाई गईं। दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने रविवार को दूसरे दिन की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन





युवक के पास मिला मोबाइल, पूछताछ कर छोड़ा

शहर के कंपनीबाग स्थित जमीलउर रहमान गर्ल्स इंटर कॉलेज में डीएम सत्येंद्र कुमार एवं एसपी दिनेश कुमार सिंह सिपाही भर्ती परीक्षा का जायजा ले रहे थे। इस दौरान गेट बंद कराकर स्टाफ एवं परीक्षार्थियों की जांच कराई गई। यहां चेकिंग के दौरान पानी पिलाने की ड्यूटी में लगाए गए एक युवक के पास मोबाइल बरामद हुआ। डीएम के निर्देश पर युवक को हिरासत में ले लिया गया और शहर कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम फैज निवासी नेहरूनगर बताया। हालांकि मोबाइल की जांच व पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया।





नेटवर्क की समस्या से शाम तक नहीं चले कैमरे
नेटवर्क की समस्या से परीक्षा शुरू होने से पहले व बाद में कुछ देर तक अधिकांश केंद्रों पर बनाए गए कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमराें की फुटेज नहीं आ रही थी। इसकी शिकायतें शुरू हुईं तो पुलिस महकमे के अधिकारी हरकत में आए और नेटवर्क सही करने के बाद फुटेज शुरू कराई जा सकी। हालांकि इसके बाद भी शाम तक तमाम कैमरे दिक्कत करते रहे। कई बार केंद्रों से संपर्क कर नेटवर्क सही कराने का प्रयास किया गया, लेकिन हालात जस के तस बने रहे।






यह रही स्थिति
परीक्षा केंद्र - 22
पहली पाली में उपस्थित-10340
पहली पाली में गैरहाजिर- 388
दूसरी पाली में उपस्थित- 10367
दूसरी पाली में गैरहाजिर- 361






शांतिपूर्वक संपन्न हुई परीक्षा : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी 22 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी ससमय पहुंचे और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। कहीं भी कानून व्यवस्था की समस्या नहीं रही। शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हुई। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नेटवर्क की समस्या के कारण कैमरों के संचालन में समस्या रही, लेकिन बाद में उसे ठीक करा लिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें