सीएम के जनता दरबार में जेई
पर रिश्वत मांगने की शिकायत
- 90 वर्षीय बुजुर्ग ने कनेक्शन के लिए पैसा मांगने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ/बाराबंकी। पावर कार्पोरेशन के अवर अभियंता द्वारा बिजली कनेक्शन के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गई। गुरुवार को हैदरगढ़ क्षेत्र के सराय पांडेय निवासी एक बुजुर्ग की शिकायत पर सीएम आवास पर मौजूद सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने कनेक्शन का आश्वासन दिया तथा पावर कार्पोरेशन के उच्च अधिकारियों को मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश भी दिया। इस संबंध में अधिशासी अभियंता हैदरगढ़ सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि अभी मामला संज्ञान में नहीं है, किंतु पूरे प्रकरण की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम सरायपांडेय निवासी प्रदीप पांडेय (90) ने गुरुवार को लखनऊ पहुंच कर सीएम योगी के जनता दर्शन में विद्युत कनेक्शन के लिए जेई जयप्रकाश यादव पर कनेक्शन देने के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई। रुपये मांगने के आरोप पर वहां मौजूद सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने पावर कार्पोरेशन के उच्चाधिकारी को अवर अभियंता के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। मंत्री ने प्रदीप पांडेय को कनेक्शन दिलाने का आश्वासन भी दिया। इस संबंध में अवर अभियंता जेपी यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका सीयूजी नंबर स्विच ऑफ था। शिकायतकर्ता गुरुवार देरशाम तक घर नहीं पहुंचे थे। अधिशासी अभियंता सत्येंद्र पांडे ने बताया कि शासन में शिकायत की जानकारी नहीं मिली है। जांच कराई जाएगी।