जहरीली शराब पीने वाले तीन की हालत गंभीर
बाराबंकी। देवा इलाके में हुए जहरीली शराब कांड में नामजद एक और आरोपी को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। वहीं, जहरीली शराब पीने वाले तीन लोगों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। इस घटना में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है।
देवा क्षेत्र के ग्राम तासपुर निवासी उमेश (39) पुत्र रामऔतार ने भी मंगलवार को शराब पी थी। शुक्रवार को हालत और बिगड़ने पर परिवारीजनों ने उमेश को मेयो अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार उमेश की आंखों की रोशनी बहुत कम हो गई है, इलाज जारी है। जबकि इसी अस्पताल में बुधवार से भर्ती मुनियापुरवा निवासी देवी शरण की हालत में अब सुधार है। वहीं, लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती जसनवारा निवासी अनिल (36) व इसी गांव के नरेंद्र (35) की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। परिवारीजनों के अनुसार लोहिया में भर्ती दोनों युवकों की आंखों की रोशनी काफी कम हो गई है।
इस मामले में पुलिस ने स्प्रिट विक्रेता मदन जायसवाल को पहले ही जेल भेज दिया था। सीओ सिटी सुशील प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि, सलारपुर निवासी दूसरे आरोपी रामनरेश को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।