संयुक्त टीमों ने 29 स्थानों से हटवाया अतिक्रमण
फतेहपुर (बाराबंकी)। तहसील क्षेत्र में एसडीएम, तहसीलदार व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में गठित टीमों ने शनिवार को कई गांवों में अभियान चलाकर अतिक्रम हटाया। कई स्थानों पर ग्रामीणों की टीम से कहासुनी हुई मगर पुलिसकर्मियों ने हालात संभाल लिए।
फतेहपुर तहसील क्षेत्र में शनिवार को राजस्व व पुलिस की 10 संयुक्त टीमों ने ग्राम खैरातपुर, विहुरा, फत्ताहपुर, बिसई, चकिया, खटौली, खिंझना, जमोलिया, कामीपुर, आदि गांवों में विवादित जमीनों का निरीक्षण किया। इन गांवों में भूमि विवाद के 29 प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करा दिया गया। बिसई गांव में एसडीएम अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम को पहले अतिक्रमण करने वालों का विरोध झेलना पड़ा। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी हो हुई। क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार वर्मा के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने रास्ते के विवाद का निस्तारण कराते हुए अवैैध कब्जा हटवाया। वहीं, खैरातपुर में तहसीलदार संदीप त्रिपाठी ने पुलिस व राजस्व टीम के साथ खलिहान व बंजर जमीन पर लगी आलू की फसल जुतवाकर भूमि कब्जेदारों से मुक्त कराई।