मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव की घटना
बेलहरा (बाराबंकी)। एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ में फांसी के फंदे से लटकता मिला है। परिवारीजनों ने बताया कि युवक का पत्नी से विवाद हुआ था जिसके बाद उसने आत्महत्या कर लिया।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बसारी निवासी बबलू (24) पुत्र मंशाराम बुधवार शाम चार बजे इसी थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा सैलक अपनी ससुराल पत्नी को विदा कराने गया था। देर रात तक बबलू घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
जिसके बाद गुरुवार सुबह बसारी गांव के बाहर तालाब के किनारे पेड़ से फांसी के फंदे पर लटकता बबलू का शव बरामद हुआ। गांव के चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की मां जगरानी ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व बबलू का विवाह इसी थाना क्षेत्र के गौरा सैलक निवासी विमला के साथ हुआ था। करीब दो माह पूर्व मायके गई बहू को उनका बेटा बुधवार को बुलाने के लिए कह कर गया था लेकिन गुरुवार को उसका शव गांव किनारे पेड़ से लटका मिला है।
इनका कहना था कि बहू से विवाद होने के बाद बेटे ने फांसी लगा ली है। थाना प्रभारी जन्मेजय सचान ने बताया की प्रथमदृष्टया पत्नी से असंतुष्ट होकर फांसी लगाने का मामला प्रकाश में आया है। कहा परिवारीजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पीएम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।