धूप खिली पर ठंडी हवा ने सिहराया
बाराबंकी। दिन की शुरुआत भले ही कोहरे से हुई लेकिन धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। गलन भरी ठंड व ठिठुरन के बीच घरों से निकलने वाले लोग गरम कपड़ों से शरीर को ढंके रहे। शाम होते ही हवा से ठंड बढ़ गई और लोग घरों में दुबक गए। कोहरे के चलते लोग लाइट जला कर चलते रहे। मंगलवार की सुबह कोहरे में लिपटी रही लेकिन कुछ देर बाद ही धूप निकली। गुनगुनी धूप से लोगों को राहत जरूर मिली लेकिन शाम को हवा के साथ ठंड बढ़ गई। देर शाम गलन से बचने के लिए लोग अलाव के आसपास नजर आए। ठंड को देखते हुए अधिशासी अधिकारी ने चिन्हित स्थानों पर अलावा जलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने रैन बसेरा को दुरुस्त करने के भी आदेश दिए हैं। देवा तिराहा, रेलवे स्टेशन के पास, बस स्टाप, जिला अस्पताल, इमरजेंसी के पास, जिला महिला अस्पताल, धनोखर चौराहा, छाया चौराहा के पास अलाव जलाए गए।