मेरठ व पीएसी मध्य जोन की टीमों का रहा दबदबा
- दसवीं वाहिनी पीएसी में चल रही 19 वीं उप्र पुलिस वार्षिक क्रिकेट प्रतियोगिता में हुए क्वार्टर फाइनल
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। दसवीं वाहिनी पीएसी में चल रही 19 वीं उप्र पुलिस वार्षिक क्रिकेट प्रतियोगिता में बृस्पतिवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले के 2 मैच खेले गये। जिसमें पहला मुकाबला जीआरपी जोन बनाम मेरठ जोन व दूसरा मुकाबला पीएसी मध्य जोन बनाम बरेली जोन के बीच खेला गया।
छह दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के तीसरे दिन का पहला मैच जीआरपी गोरखपुर जोन बनाम मेरठ जोन के मुकाबले से हुई। इसमें जीआरपी जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर केवल 102 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ जोन ने मैन ऑफ द मैच मनीष कुमार के ताबड़तोड़ 49 रन की बदौलत लक्ष्य को 15 ओवर में ही तीन विकेट के नुकसान पर प्राप्त कर लिया। इस मैच का मुख्य आकर्षण जीआरपी जोन के कप्तान अभिषेक यादव पुलिस अधीक्षक जीआरपी गोरखपुर रहे। जो क्षेत्ररक्षण के दौरान घायल होने के बावजूद भी मैदान पर डटें रहें और अपनी टीम का हौसला बढ़ाते रहे।
वहीं दिन का दूसरा मैंच पीएसी मध्य जोन व बरेली जोन के बीच खेला गया। इस मैच में पीएसी मध्य जोन ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया एवं 20 ओवर में अशोक यादव के ताबड़तोड़ 50 रनों के मदद से नौ विकेट खोकर 111 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरेली जोन की पूरी टीम मध्य जोन के मैन आफ द मैच आदर्श श्रीवास्तव के घातक गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में सिर्फ 99 रन बनाकर आल आउट हो गयी। आदर्श श्रीस्स्तव ने कसी गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किया। इस अवसर पर सेनानायक राजेश कृष्ण, सहायक सेनानायक नरेन्द्र कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।