बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे के पल्हरी चौराहे के निकट स्थित एक निजी अस्पताल में कैंसर विजेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैंसर को मात देने वाले 200 से अधिक मरीजों को कैंसर वॉरियर सर्टिफिकेट और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एमएलसी और भाजपा युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी व राष्ट्रीय मीडिया परिषद के अध्यक्ष नीरज राठौर उपस्थित रहे। उन्होंने कैंसर से जंग जीत चुके लोगों का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया। कैंसर सर्जन डॉ. सुदीप गर्ग ने कहा कि समय पर जांच और सही इलाज से कैंसर को हराया जा सकता है। उन्होंने मरीजों के आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को सबसे बड़ी ताकत बताया। वहीं प्लास्टिक सर्जन डॉ. पुष्पेन्द्र कनौजिया ने कैंसर उपचार के बाद रिकंस्ट्रक्शन और बेहतर जीवन गुणवत्ता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डॉक्टरों ने कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और आधुनिक उपचार की जानकारी साझा की। साथ ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से फ्री इलाज की सुविधा के बारे में भी बताया।