सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। खेतों की मिट्टी की जांच के लिए ब्लॉक के 20 गांवों का चयन किया गया है। बृहस्पतिवार को खजुरिया, दासपुर, ददरौली व भवानीपुर में मिट्टी की जांच के लिए किसानों का पंजीकरण किया गया। किसानों को मृदा परीक्षण के लाभ भी बताए गए।
प्रत्येक गांव से 100 किसानों के खेतों से मिट्टी लेकर जांच के लिए लैब भेजी जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग के टीएमसी कौशल किशोर, बीटीएम रामप्रताप सिंह, एटीएम नीरज कुमार व राहुल कुमार वर्मा को अलग-अलग गांव में मिट्टी का नमूना लेने के लिए लगाया गया है।
खजुरिया गांव पहुंचे एडीओ कृषि रंजीत कुमार ने बताया कि मृदा परीक्षण की रिपोर्ट के मुताबिक किसानों को उनके खेत के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इससे कम लागत में अच्छी पैदावार मिल सकेगी। 20 गांवों से मिट्टी की नमूना लेने के बाद दूसरे चरण में अन्य गांवों से लिया जाएगा।
किसान मनोरम पांडेय ने बताया कि विभाग की यह पहला सराहनीय है। मृदा परीक्षण रिपोर्ट से यह पता चल जाएगा कि खेत को कितनी मात्रा में किस उर्वरक की आवश्यकता है। इससे मिट्टी की सेहत भी सुधरेगी।
इस संबंध में एडीओ एजी रंजीत कुमार ने बताया कि 20 गांवों की रिपोर्ट आने के बाद रवि की फसल से पहले शेष अन्य गांवों में अभियान चलाया जाएगा।