पीएचसी अलियाबाद में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीज का इलाज करते डॉ. संजीव वर्मा। स्
बाराबंकी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इनमें जुकाम, बुखार और पेटदर्द के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। इस दौरान किसी भी मरीज का आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया जा सका।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इनमें कुल 1951 मरीज देखे गए। इनमें पुरुषों की संख्या 774, महिलाओं की संख्या 777 और बच्चों की संख्या 59 रही।
इस दौरान संदिग्ध पाए जाने पर 57 लोगों की कोरोना, 24 लोगों की हेपेटाइटिस-बी, सात लोगों की हेपेटाइटिस-सी, पांच लोगों की डेंगू की जांच कराई गई परंतु कोई भी संक्रमित नहीं मिला। इसके अलावा जुकाम के 185, बुखार के 239, पेटदर्द के 234, लिवर के 53, डायबिटीज के 91, त्वचा रोग के 310, संदिग्ध टीबी के छह मरीज देखे गए।
इस दौरान देवा पीएचसी पर दवा लेने आए रामकरन, शांति देवी और प्रवेश कुमार ने बताया कि वे कई दिनों से बुखार से पीड़ित हैं। चिकित्सक द्वारा जांच कराकर दवाएं दी गईं। इसी प्रकार अलियाबाद पीएचसी पर दवा लेने आईं रूबी ने बताया कि पेटदर्द की शिकायत पर चिकित्सक द्वारा जांच कराकर दवाएं दी गईं।
सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव ने बताया कि मेले में 75 डॉक्टर और 227 कर्मियों को लगाया गया था जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।