बाराबंकी। तहसील परिसर से गायब हुई भूमाफिया की सूची आखिरकार तहसील प्रशासन द्वारा फिर चस्पा करा दी गई है। लेकिन इस बार की सूची से एक नाम गायब हो गया है। पहले जहां सूची में पांच लोगों के नाम शामिल थे वहीं इस बार इसमें चार नाम ही रह गए हैं। तहसील प्रशासन का कहना है कि एक नाम त्रुटिवश दर्ज हो गया था जिसे हटा दिया गया है।
तत्कालीन एसडीएम अजय कुमार द्विवेदी के आदेश पर तहसील परिसर में चस्पा की गई पांच भूमाफिया के नामों की सूची को कुछ दिन ही परिसर से गायब हो गई थी। इसको लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किया था। इसके बाद तहसील कर्मियों में हड़कंप मच गया था। मामला एसडीएम सदर तक पहुंचा तो उन्होंने नायब तहसीलदार को सूची चस्पा कराने के आदेश दिए थे। सूची गायब होने को लेकर कर्मचारी तरह-तरह की अटकलें लगा रहे थे। कुछ कर्मचारियों का कहना था कि सूची गायब कराने में उन कर्मियों का हाथ है जिन्होंने गलत तरीके से भूमाफिया को गलत तरीके से ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर दिया।
उन्हीं के इशारे पर यह सूची परिसर से गायब करा दी गई है। लेकिन इस बार जो सूची चस्पा कराई गई है उसमें चार नाम ही शामिल हैं जबकि पहले जो सूची चस्पा हुई थी उसमें पांच लोगों के नाम थे। इससे साफ हो रहा है कि तहसील कर्मी सूची से अपने चहेते का नाम हटवाने में सफल रहे हैं। इस बाबत एसडीएम सदर अभय कुमार पांडेय का कहना है कि सूची में त्रुटिवश एक नाम दर्ज हो गया था जिसे हटवाकर नए सिरे से सूची को तहसील परिसर में चस्पा करवा दिया गया है।