तीन ब्लॉकों में बनेंगे बहुउद्देशीय हाल
बाराबंकी। ग्रामीण अंचलों में 14 से 17 वर्ष तक के बच्चों में खेल की प्रतिभाओं को चमकाने के लिए युवा कल्याण विभाग जिले में तीन बहुउद्देशीय हाल का निर्माण कराएगा। इस हाल में हर प्रकार के खेलों के उपकरण समेत कई अन्य सुविधाएं दी जाएगी। केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए युवा कल्याण विभाग को बजट मुहैया कराया जाएगा।
केंद्र सरकार की खेलो इंडिया खेलो योजना के तहत जिले के तीन विकास खंडों में करोड़ों की लागत से तीन बहुउद्देशीय हाल का निर्माण कराने के निर्देश युवा कल्याण विभाग को दिए थे। इसमें कहा गया था कि इन हाल के निर्माण के लिए भूमि का निर्धारण का प्रस्ताव 30 जून तक उपलब्ध कराए। दिशा निर्देश मिलने के बाद जिला युवा कल्याण विभाग ने ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभा को बढ़ाने के लिए तीन ब्लॉकों में हाल निर्माण के लिए भूमि का चयन कर लिया था। अब जल्द ही जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के माध्यम से इसका प्रस्ताव पास कराकर शासन को भेजा जाएगा।
इन ब्लॉकों को मिलेगी सौगात
हाल के निर्माण के लिए युवा कल्याण विभाग ने जिलास्तरीय कार्यकारी समिति के माध्यम से जिन तीन ब्लॉकों में ग्राम पंचायतों को चुना हैं, उसमें बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम धरौली, बंकी ब्लॉक के ग्राम भिटौलीकला व हैदरगढ़ ब्लॉक के ग्राम नरौली शामिल है। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित ब्लॉकों के एसडीएम ने इन भूमि का चयन कर कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। ब्लॉकों के इन गांवों में बनने वाले हाल के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने प्रति हाल के लिए आठ करोड़ रूपये का बजट निर्धारित किया है। निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने जिसका जिम्मा आरईएस को दिया है। इस प्रकार तीन हॉल निर्माण के लिए कार्रदाई संस्था को 21 करोड़ रुपये का बजट मुहैया कराया जाएगा।
केंद्र सरकार की ओर से खेलो इंडिया खेलों योजना के तहत जिले के तीन ब्लॉकों में बहुउद्देशीय हाल के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे। इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलास्तरीय कार्यकारी समिति की ओर से जमीन का निर्धारण कर लिया गया है। जल्द ही प्रस्ताव निदेशालय भेजा जाएगा। नामित कार्यदायी संस्था को बजट उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। - शिल्पी पांडेय, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी।