बाराबंकी। असंद्रा थाना के पूरे निधान मजरे खुसेहटी गांव में 19 लाख की चोरी का मामला सामने आया है। वारदात के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है। पुलिस की दो टीमें जांच में लगाई गई हैं। पीड़ित महेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, मंगलवार रात वह और उनकी माता खाना खाने के बाद सोने चले गए।
देर रात चोर मकान के पीछे से छत पर पहुंचे और जीने के रास्ते घर के अंदर प्रवेश कर गए। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उनकी माता की नींद खुली तो घर का पिछला दरवाजा खुला मिला। इसके बाद मुख्य गेट की कुंडी भी खुली थी। घर के अंदर पहुंचने पर अलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने बताया की चोर घर से करीब 16 लाख के जेवर व तीन लाख रुपये ले गए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया। क्षेत्राधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने भी जांच की और जल्द खुलासा करने के लिए असंद्रा थाना प्रभारी को निर्देशित किया।
ज्वैलरी शॉप से 300 ग्राम चांदी के जेवर चोरी
जैदपुर। जैदपुर-सिद्धौर मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात ज्वैलरी शॉप का शटर का ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। स्थानीय कस्बे के मोहल्ला छोटी बाज़ार निवासी संजय सोनी की सर्राफा व स्टील बर्तन की दुकान धनराज मार्केट में है। बुधवार को जब संजय सोनी दुकान खोलने गए तो देखा शटर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर देखा तो दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। संजय के मुताबिक, करीब 300 ग्राम चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। संवाद