136 पंचायतों में आज लगेगी किसान पाठशाला
- किसान विज्ञान केंद्र के साथ किसान पाठशाला में शामिल होंगे कृषि मंत्री
- देवा ब्लॉक के मलूकपुर पंचायत में किसान पाठशाला में शामिल होंगे डीएम
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। विश्व मृदा स्वास्थ्य दिवस के मौके पर मंगलवार को जिले की 136 ग्राम पंचायतों में किसान पाठशाला लगेगी। इसकी तैयारियों की जानकारी के लिए प्रमुख सचिव कृषि ने जिला कृषि अधिकारी से वीडियो कांफ्रेसिंग की। तो प्रत्येक किसान पाठशाला में जनप्रतिनिधियों को बुलाने की बात भी कही।
जिले में पहले चरण में पांच दिवसीय पाठशाला का आयोजन 136 ग्राम पंचायतों के परिषदीय स्कूलों में अपराह्न साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे तक किया जाएगा। यह पाठशाला 9 दिसम्बर तक होगी। किसान पाठशाला में कृषि मंत्री, सांसद, विधायक से लेकर ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान शामिल होंगे। देवा के मलूकपुर में लगने वाली किसान पाठशाला में जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी तक शामिल होंगे। वहीं मृदा स्वास्थ्य दिवस के मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र हैदरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप सिंह शाही शामिल होंगे। इस दौरान कृषि मंत्री के किसी भी पंचायत में आयोजित किसान पाठशाला मेें शामिल होने की संभावना को लेकर विभाग तैयारियों में जुटा है। हालांकि देर शाम तक पंचायत का चयन नहीं हो सका था। जिलास्तरीय अधिकारी को ब्लॉकवार तो पंचायत सेक्रेटरी को पंचायतवार नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी की मौजूदगी में मास्टर ट्रेनर किसानों की आय बढ़ाने की मिट्टी की जांच से लेकर विभाग की योजनाएं। कृषि कार्य के साथ पशु पालन, मधुमक्की पालन, मछली पालन आदि की जानकारी देंगे। दूसरे चरण में भी शेष बची 136 पंचायतों में किसान पाठशाला का आयोजन 11 से 15 दिसंबर तक किया जाएगा।
जिले के 22 प्रगतिशील किसान व तीन समूह सीएम आवास पर आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल
विश्व मृदा स्वास्थ्य दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के 22 प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। कार्यक्रम में शिरकत करने वाले किसानों को चयन कर लिया गया है। किसानों को परिचय पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा ही दिए जाएंगे। कार्यक्रम में जिले के तीन फार्म मशीनरी बैैंक के समूह सेठ शिवदयाल कृषक स्वयं सहायता समूह इसरौली सारी सिद्धौर, इंडियन फार्मर सेल्फ हेल्प ग्रुप मसूदपुर सिरौलीगौसपुर व जय भारत किसान स्वयं सहायता समूह कमरावां बंकी को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाभी भी मुख्यमंत्री द्वारा दी जाएगी।