अंतरमहाविद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता पर नंदनीनगर का कब्जा
बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में बुधवार को अंतरमहाविद्यालयी महिला फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छह महाविद्यालयों की टीमों में प्रतिभाग किया। जिसमें सांई पीजी कॉलेज व नंदिनी नगर की टीम में फाइनल मुकाबला हुआ जिसमें नंदिनी नगर ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया।
सांई पीजी कॉलेज द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों से पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने खिलाड़ियों का परिचय लिया और फुटबाल पर किक लगाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला साई पीजी कॉलेज बनाम पटेल महिला महाविद्यालय के मध्य हुआ। जिसमें सांई कॉलेज की टीम ने यह मुकाबला 7-0 से जीत लिया। दूसरा मुकबला सीता देवी महाविद्यालय बनाम साकेत पीजी कॉलेज के मध्य खेला गया। जिसमें साकेत महाविद्यालय ने यह मुकाबला 3-0 से जीत कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दूसरे पहर में दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। जिसमें पहला मुकाबला सांई पीजी कॉलेज बनाम रघुकुल महाविद्यालय गोंडा के मध्य खेला गया। साई कॉलेज की खिलाड़ी राखी वर्मा के शानदार खेल से 15वें व 18वें मिनट में लगातार दो गोल मारकर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल नंदिनी नगर गोंडा व साकेत कॉलेज अयोध्या के मध्य खेला गया। जिसमें नंदिनी नगर की खिलाड़ियों में आंचल, सुशीला, अंकिता ने क्रमश: 9वें, 12वें व 14वें मिनट में गोलकर कर टीम को फाइनल में जगह दिलाई। फाइनल मुकाबले में सांई पीजी कालेज व नंदिनी नगर की टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जिसमें नंदिनी नगर की टीम ने 5-4 से चैंपियनशिप का मुकाबला जीत लिया। विजेता टीम को विधायक साकेंद्र वर्मा व एसपी अनिल कुमार सिंह व कालेज प्रबंधक विपिन राठौर ने ट्राफी देकर सम्मानित किया।