सिद्धौर। साधन सहकारी समिति, छूलापाही में डेढ़ लाख कीमत की 180 बोरी एनपीके खाद बर्बाद हो जाने का मामला सामने आया है। यह खाद करीब 10 वर्षों से गोदाम में रखी है। इसके लिए जिम्मेदारों की लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। समिति के गोदाम में रखी एनपीके खाद पूरी तरह खराब हो चुकी है।
करीब 10 वर्ष पहले तत्कालीन सचिव परमानंद पांडे पर 200 बोरी यूरिया खाद के गबन का आरोप लगा था। जांच में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हुई और समिति को सील कर दिया गया था। समिति सील होने के समय यह खाद गोदाम के भंडारण में मौजूद थी, जिसे हटाया नहीं गया। लंबे समय तक गोदाम बंद रहने से खाद खराब हो गई। करीब दो वर्ष पहले समिति का संचालन दोबारा शुरू हुआ था।
सचिव प्रदीप कुमार की तैनाती के बाद गोदाम में पड़ी खराब खाद का मामला सामने आया था। इसकी जानकारी कई बार उच्चाधिकारियों को देने के बावजूद इसके निस्तारण को लेकर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वर्तमान सचिव पवन कुमार ने बताया कि गोदाम की इमारत जर्जर है, जिससे नई खाद के खराब होने का खतरा है। पुरानी खाद से नई खाद रखने की पर्याप्त जगह भी नहीं मिल पा रही है। एआर सहकारिता निरंकार मौर्य ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जांच कर कार्रवाई की बात कही है।