बाराबंकी। पुलिस व सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को एक मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी का खुलासा किया जो शेयर मार्केट के नाम पर लोगों से ठगी करती थी। हैदरगढ़ क्षेत्र के बम्हरौली निवासी सांवले प्रसाद की शिकायत पर जांच की गई। छानबीन शुरू हुई तो कंपनी कोलकाता पश्चिम बंगाल में रजिस्टर्ड पाई गई।
लखनऊ से इस कंपनी का संचालन कर बाराबंकी और आपपास के जिलों के लोगों से शेयर के नाम पर पैसा जमा कराया जाता था। शुक्रवार को बाराबंकी जिले में जालसाजी करने वाले कोलकाता के तीन अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। यह कंपनी बाराबंकी के सैकड़ों लोगों से करीब 20 करोड़ रुपये का निवेश करा चुकी थी।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि करीब एक माह पूर्व हैदरगढ़ के बम्हरौली निवासी सांवले शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि विश्वास ट्रेडिंग कंपनी लोगों से चार प्रतिशत मासिक ब्यॉज पर पैसा जमा करा रही है।
वहीं कंपनी में सदस्यों को जोड़कर पांच लाख रुपये जमा कराने पर साढ़े सात हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने का भी वादा कर कंपनी लोगों से ठगी कर रही है। एएसपी ने बताया कि एसपी के आदेश पर सर्विलांस टीम ने शहर कोतवाली पुलिस के माध्यम से जांच कराई तो खुलासा हुआ कि यह कंपनी दो सौ रुपये लेकर सदस्य बनाती थी। उसके बाद शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करने के लिए एक डी-मैट अकाउंट खुलवाते थे।