बाराबंकी। रोजगार मेले में हिस्सेदारी के लिए पहुंचे युवाओं के हाथ मेंं दिनभर के इंतजार बाद जब नियुक्ति पत्र आए तो सभी के चेहरे आत्मनिर्भर बनने की खुशी से खिल उठे। बृहस्पतिवार को जिला सेवायोजन कार्यालय मेंं आयोजित रोजगार मेले में दो कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लिखित व साक्षात्कार परीक्षा आधार पर हिस्सेदारी के लिए आए 49 प्रतिभागियों में से 17 युवाओं का चयन विभिन्न पदों पर किया।
रोजगार मेले में नौकरी पाने के लिए सुबह नौ बजे से ही प्रतिभागियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। साक्षात्कार के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। पंजीकरण के बाद युवाओं ने अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र आदि की जांच कराई और साक्षात्कार की कतार में लग गए। एसबीआई इंश्योरेंंस व सिसका एलईडी कंपनी ने लिखित व साक्षात्कार परीक्षा केे बाद प्रतिभाग करने वाले 49 में 17 प्रतिभागियों का चयन करते हुए, उनके नियुक्ति पत्र सौंपे।
अनुदेशक सुग्रीव चंद्रा ने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में काफी मददगार साबित हो रही है। जिला सेवायोजन अधिकारी धर्मेंद्र ने बताया कि भविष्य में भी अन्य प्रमुख कंपनियों को बुलाकर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।