साइबर ठगों का नया वार, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
बाराबंकी। शहर के वाल्मीकि नगर निवासी सचिन कुमार साइबर अपराधियों का शिकार हो गए। हैरानी की बात यह है कि न तो कोई कॉल आई, न कोई संदिग्ध मेसेज और न ही उन्होंने किसी को ओटीपी साझा किया। इसके बावजूद उनके खाते से कुल 1,65,000 रुपये निकल गए। पीड़ित सचिन के मुताबिक पहले 95,000 रुपये निकले, इसके कुछ देर बाद 70,000 रुपये और निकल गए। बैंक खाते से रकम कटने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल शहर कोतवाली में तहरीर दी। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल खंगाल रही है। संवाद
फिशिंग लिंक, स्क्रीन शेयरिंग एप तो नहीं
हाल के दिनों में बिना ओटीपी साझा किए भी खातों से रकम उड़ने के मामले सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फिशिंग लिंक, स्क्रीन शेयरिंग एप या पहले से लीक डाटा के जरिये अपराधी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी घटना होते ही 1930 पर शिकायत करें।