यात्रियों से भरी तेज रफ्तार वैन बेकाबू होकर माइनर में जा गिरी। हादसे में दो दंपती समेत 14 लोग घायल हो गए। आननफानन में घायलों को सीएचसी महमूदाबाद व फतेहपुर पहुंचाया गया। हालांकि माइनर में पानी न होने से बड़ा हादसा टल गया।
हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बड्डूपुर क्षेत्र में नहर कोठी पुल के पास हुआ। यहां पुलिस ने यातायात नियंत्रित करने व चेकिंग के लिए ड्रम रखकर चेकपोस्ट बना रखा है। बुधवार को लखनऊ के टेढ़ी पुलिया से यात्रियों को लेकर वैन महमूदाबाद जा रही थी।
बड्डूपुर थाने से कुछ ही दूर नहर कोठी पुलिया के पास चेक पोस्ट पर रखे ड्रम से टकराकर बेकाबू वैन माइनर मेेें जा गिरी। हादसे के बाद घायल यात्रियों की चीखपुकार मचने लगी।
इसे सुन आसपास मौजूद लोगों ने आननफानन में मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी महमूदाबाद व फतेहपुर पहुंचाया। हादसे में दो महिला यात्रियों के पैर फ्रैक्चर हो गए।
घायलों में लखनऊ के विकास नगर निवासी राज कपूर (68) उनकी पत्नी लता कपूर (62), लखनऊ की ही जल निगम में काम करने वाली मिथिलेश कुमारी वर्मा (50), महमूदाबाद थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी रंजीत मौर्य (30), बड्डूपुर थाने के शैली कीरतपुर निवासी सरोजिनी देवी (45) व उनकी बेटी घायल हो गए।
वहीं महमूदाबाद में बुआ के घर तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे बड्डूपुर थाना क्षेत्र के मझगवां बसंतपुर निवासी लवकुश कुमार (35), उनकी पत्नी मंजू देवी (30), बहन शांति देवी (28) व पुत्री गंगा (7) के अलावा श्रीदेवी (62), रीवा सीवां निवासी धीरज मौर्य (17) तथा मुस्तफाबाद निवासी दीपक मौर्य (19) घायल हो गये।
वहीं हादसे में वैन का ड्राइवर महमूदाबाद निवासी रईस भी घायल हो गया। घायलों में चार लोगों को सीएचसी महमूदाबाद व पांच यात्रियों को फतेहपुर सीएचसी भेजा गया। वहीं मामूली रूप से घायल लोगों का निजी चिकित्सकों के यहां उपचार कराकर बड्डूपुर भेज दिया गया।