युवती से रेप की रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
दरियाबाद (बाराबंकी)। घर के अंदर घुसकर रेप के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बा के एक मोहल्ले की एक युवती ने सोमवार को थाने पर पहुंच कर मोहल्ले में ही रह रहे सफदरगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले शमीम पुत्र इकराम पर घर में घुसकर जबरन रेप करने का आरोप लगाया था। युवती का आरोप था कि वह कपड़ों को छत पर डालने के लिए गई थी तभी युवक घर के अंदर घुस आया था उसने शोर भी मचाया किन्तु घर के बगल ही चक्की चलने की वजह से आवाज बाहर नहीं गई। युवक ने दुष्कर्म करने के बाद कहीं शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी भी दी थी। पिता के घर आने के बाद युवती आरोपी के विरुद्व तहरीर देने के लिए थाने पर पहुंची किन्तु पुलिस ने जांच की बात कहकर पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। मंगलवार को अखबारों में घटना प्रमुखता से छपने के बाद दरियाबाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्व मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है तथा पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र मथुरानगर भेज कर चिकित्सीय परीक्षण कराया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त त्रिपाठी का कहना कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।